पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश घायल, हथियार व कार बरामद
लगातार हो रही घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी अशोक कुमार मीणा ने विशेष टीम गठित की थी और मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
हरदोई/जनमत न्यूज। जिले के टड़ियावां कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी जनपद सीतापुर के रहने वाले हैं और हरदोई में कई स्थानों पर भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस ने मौके से एक वैगनआर कार, दो तमंचे, दो कारतूस, दो खोखे और 22,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
सीओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि थाना बेनीगंज क्षेत्र में सुरेश, राजकुमार और कृष्णकुमार द्वारा दर्ज कराई गई तीन अलग-अलग एफआईआर में गांवों से कुल 12 भैंसों की चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में जीवन, अमर, बच्चू और पिंटू समेत कई बदमाशों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे।
इन लगातार हो रही घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी अशोक कुमार मीणा ने विशेष टीम गठित की थी और मुख्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
टड़ियावां पुलिस वांछित बदमाशों की तलाश में अहरौरी पुल के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी एक संदिग्ध वैगनआर कार गोपामऊ की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर कार सवारों ने वाहन नहीं रोका।
पुलिस टीम द्वारा पीछा कर ग्राम शंकरपुर के पास घेराबंदी की गई, जहां खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सलमान पुत्र उस्मान उर्फ इशरार निवासी अकोहरा थाना सिधौली, जनपद सीतापुर और कल्लू पुत्र चिरागअली निवासी सरौरा कला थाना कमलापुर, जनपद सीतापुर के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर पहले सीएचसी टड़ियावां और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सीओ ने बताया कि इससे पहले थाना बेनीगंज पुलिस ने इन्हीं अभियोगों से जुड़े फुरकान निवासी अघौरा, थाना सिधौली, जनपद सीतापुर और शराफत पुत्र शानू निवासी पालड़ी, थाना शाहपुर, जनपद मुजफ्फरनगर को 1 दिसंबर की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ से जुड़ी अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।


