मुजफ्फरनगर: खादर क्षेत्र की विवादित जमीनों पर कब्जा कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, हिस्ट्रीशीटर समेत 20 गिरफ्तार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोपा पुलिस ने ऑपरेशन कवच के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की है।

मुजफ्फरनगर: खादर क्षेत्र की विवादित जमीनों पर कब्जा कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, हिस्ट्रीशीटर समेत 20 गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट 

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोपा पुलिस ने ऑपरेशन कवच के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने खादर क्षेत्र की विवादित एवं कीमती जमीनों पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने और कराने के उद्देश्य से पहुंचे 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के मंगलौर थाने का हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र सिंह भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को थाना भोपा पुलिस शुक्रताल चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंगा घाट के पार से तीन गाड़ियों में सवार होकर 20 से 25 लोग आ रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार होने और किसी घटना को अंजाम देने की आशंका जताई गई थी।

सूचना मिलते ही भोपा पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद एक स्कॉर्पियो एन, एक स्कॉर्पियो क्लासिक और एक थार गाड़ी आती दिखाई दी।

पुलिस ने तीनों वाहनों को रोककर उनमें सवार लोगों की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, कारतूस, तलवार और लकड़ी के डंडे बरामद किए। पुलिस ने मौके से सभी 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तीन लग्जरी गाड़ियों के साथ हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6 तमंचे 315 बोर, एक पिस्टल .32 बोर और पांच जिंदा कारतूस, एक पोनिया राइफल .22 बोर मय मैगजीन और पांच कारतूस, एक फैक्ट्री मेड दोनाली बंदूक 12 बोर और 20 कारतूस, एक फैक्ट्री मेड राइफल 315 बोर और 18 कारतूस, एक तलवार मय म्यान तथा नौ लकड़ी के डंडे बरामद किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त तीन काले रंग की गाड़ियां एक स्कॉर्पियो एन, एक स्कॉर्पियो क्लासिक और एक थार भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।

पूछताछ में विवादित जमीनों पर कब्जे की बात सामने आने का दावा

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से संगठित होकर खादर क्षेत्र में विवादित एवं कीमती जमीनों की खरीद-फरोख्त करने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि जिन जमीनों के स्वामित्व या कब्जे को लेकर विवाद होता था, उन पर अवैध कब्जा करने और कब्जा बरकरार रखने के उद्देश्य से आरोपी एकजुट रहते थे।

विरोध होने की स्थिति में दबाव बनाने और लोगों को भयभीत करने के लिए हथियार रखने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खादर क्षेत्र की एक विवादित जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना भोपा में मुकदमा अपराध संख्या 290/26 धारा 3/5/25/35 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भोपा पुलिस टीम की कार्रवाई चर्चा में

इस कार्रवाई को थाना भोपा पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सहित उपनिरीक्षक विवेक चौधरी, सपन चौधरी, पिन्टू चौधरी, साजिद खान, सत्यप्रकाश यादव तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। 

नोट: पुलिस प्रेस नोट में दर्ज आरोप और पूछताछ के दावे पुलिस के आधिकारिक पक्ष पर आधारित हैं। आरोपियों के विरुद्ध दोष सिद्ध होना न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।