कौशांबी में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर किया था प्रदर्शन

उप्र के कौशांबी जनपद में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज होने की खबर सामने आ रही है। यह मुकदमा बिना अनुमति प्रदर्शन मामले में दर्ज हुआ है।

कौशांबी में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर किया था प्रदर्शन
Published By- Diwaker Mishra

कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जनपद में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज होने की खबर सामने आ रही है। यह मुकदमा बिना अनुमति प्रदर्शन मामले में दर्ज हुआ है। दरअसल, नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन करना भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं भारी पड़ गया।

इस सम्बन्ध में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीतू कन्नौजिया और महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा श्रीवास्तव पर केस दर्ज हुआ है। इसके अलावा भाजपा नेता अजय शुक्ल, प्रदीप और अंजनी पर भी एफआईआर दर्ज की गई है।

यह कार्रवाई देवीगंज चौराहे पर बिना अनुमति प्रदर्शन कर पुतला दहन और सड़क जाम करने पर की गई है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान और आगजनी की आशंका पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में 5 नामजद और कई अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया है।

शीतला धाम चौकी इंचार्ज रवि मौर्य की ओर से यह एफआईआर दर्ज कराई गई है। बता दें कि 25 अप्रैल को भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला फूंका था। कड़ा धाम थाना क्षेत्र के देवीगंज चौराहे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुतला फूंका गया था।