फतेहपुर में पुलिस कार्यालय परिसर में युवती ने बनाई रील, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग सरकारी दफ्तरों में इस तरह की गतिविधियों पर सवाल उठा रहे हैं,

फतेहपुर में पुलिस कार्यालय परिसर में युवती ने बनाई रील, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद फतेहपुर में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यह ट्रेंड सार्वजनिक स्थानों से निकलकर सरकारी कार्यालयों तक पहुंच गया है। ताजा मामला फतेहपुर के पुलिस कार्यालय परिसर का सामने आया है, जहां एक युवती ने फिल्मी गाने और डायलॉग पर रील बनाते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो पुलिस के एसपी क्राइम ब्रांच कार्यालय परिसर का है। वायरल वीडियो में एक युवती फिल्मी गाने पर अभिनय करते हुए रील बनाती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि जिस जगह पर यह वीडियो बनाया गया, वहां पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने युवती को रोकने की कोशिश नहीं की और वे मूकदर्शक बने रहे।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग सरकारी दफ्तरों में इस तरह की गतिविधियों पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ इसे अनुशासनहीनता का उदाहरण बता रहे हैं।

गौरतलब है कि इन दिनों युवाओं में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोकप्रिय होने के लिए रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। कई बार लोग अलग और चर्चित वीडियो बनाने के लिए सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों को भी चुन लेते हैं, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है।

फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।