बहराइच में पहली बार लगा रोबोटिक्स कैंप, बच्चों ने खुद बनाए इलेक्ट्रॉनिक सर्किट

अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की ‘पलाश शाखा’ एवं हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय रोबोटिक्स कैंप और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

बहराइच में पहली बार लगा रोबोटिक्स कैंप, बच्चों ने खुद बनाए इलेक्ट्रॉनिक सर्किट
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —

बहराइच/जनमत न्यूज। बहराइच से एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल सामने आई है, जहां गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों ने खेल-कूद के साथ विज्ञान और तकनीक की दुनिया में भी कदम बढ़ाया। जिले में पहली बार आयोजित रोबोटिक्स कैंप में बच्चों ने अपने हाथों से इलेक्ट्रॉनिक सर्किट तैयार कर रोबोटिक्स और कोडिंग की बारीकियां सीखीं।

डिजिटल इंडिया के दौर में बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की ‘पलाश शाखा’ एवं हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय रोबोटिक्स कैंप और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कैंप एसपी बंगले के पास स्थित स्कूल परिसर में आयोजित हुआ, जहां बच्चों का उत्साह देखने लायक था।

कैंप में कुल 47 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों को विज्ञान को रोचक तरीके से समझाने के लिए विशेष इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट किट उपलब्ध कराई गई। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर एवं रोबोटिक्स कोच मोनिका माहेश्वरी ने बच्चों को बेहद सरल भाषा में कोडिंग, सर्किट डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जानकारी दी।

कैंप के दौरान बच्चों ने ब्रेडबोर्ड, सेंसर, रेजिस्टर और ट्रांजिस्टर जैसे उपकरणों को समझते हुए स्वयं विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक कनेक्शन और सर्किट तैयार किए। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी समझ और रचनात्मकता का विकास देखने को मिला।

इस आयोजन को सफल बनाने में हैप्पी हार्ट्स पब्लिक स्कूल के निदेशक कृष्णा मिश्रा, मारवाड़ी युवा मंच पलाश शाखा की अध्यक्ष गुंजा अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष प्रेरणा माहेश्वरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बहराइच में आयोजित यह रोबोटिक्स कैंप बच्चों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तकनीकी कौशल को नई दिशा देने वाला साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले के बच्चों के भविष्य के लिए सकारात्मक कदम बताया है।