दीपोत्सव से पहले अयोध्या को मिलेगी नई सौगात, तपोवन पार्क का युद्धस्तर पर हो रहा निर्माण कार्य
इस पार्क में विविध प्रजातियों के आकर्षक पुष्प और पेड़-पौधे लगाए जा रहे हैं। पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य दिल्ली की मशहूर कंपनी गार्डन ग्लोरी इंडिया और एवर ग्रीन नर्सरी संयुक्त रूप से कर रही हैं।

अयोध्या/जनमत न्यूज़। अयोध्या के नया घाट स्थित चौधरी चरण सिंह घाट के पास बन रहा तपोवन पार्क (पूर्व में पुष्प वाटिका पार्क) दीपोत्सव से पहले ही अयोध्या वासियों और पर्यटकों के लिए एक नई सौगात बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंशा के अनुरूप नगर निगम द्वारा इस पार्क का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है।
इस पार्क में विविध प्रजातियों के आकर्षक पुष्प और पेड़-पौधे लगाए जा रहे हैं। पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य दिल्ली की मशहूर कंपनी गार्डन ग्लोरी इंडिया और एवर ग्रीन नर्सरी संयुक्त रूप से कर रही हैं। बताया गया है कि एवर ग्रीन नर्सरी ने लखनऊ के कई प्रमुख चौराहों पर एक्सोटिक पौधों से हरियाली का कार्य किया है।
गार्डन ग्लोरी कंपनी के डायरेक्टर कौशलेंद्र अग्रवाल ने बताया कि संस्था अयोध्या में राम पथ सहित कई अन्य स्थलों को हरित और आकर्षक बनाने पर भी काम कर रही है।
नगर निगम के अपर आयुक्त सुमित कुमार ने जानकारी दी कि नगर निगम की बोर्ड बैठक में महापौर और पार्षदों की सहमति से पार्क का नाम ‘पुष्प वाटिका’ से बदलकर ‘तपोवन पार्क’ रखा गया है।
पार्क में सेल्फी पॉइंट, कैफ़ेटेरिया, बच्चों के झूले और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, इसे और आकर्षक बनाने के लिए देश-विदेश के दुर्लभ पौधे लगाए जा रहे हैं।
दीपोत्सव से पहले इस पार्क का उद्घाटन होने की संभावना है, जिसके बाद अयोध्या वासी और पर्यटक यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे।