बांदा में मदन भारद्वाज स्मृति कथा सम्मान का आयोजन, कथाकार हरि भटनागर को किया गया सम्मानित

डी. आर, पब्लिक इण्टर कॉलेज बाँदा के प्रांगण में "मदन भारद्वाज स्मृति कथा सम्मान 2025" का आयोजन किया गया।

बांदा में मदन भारद्वाज स्मृति कथा सम्मान का आयोजन, कथाकार हरि भटनागर को किया गया सम्मानित
Published By- Diwaker Mishra

बांदा से आशीष सागर दीक्षित की रिपोर्ट

बांदा/जनमत न्यूज़। डी. आर, पब्लिक इण्टर कॉलेज बाँदा के प्रांगण में "मदन भारद्वाज स्मृति कथा सम्मान 2025" का आयोजन किया गया। इस वर्ष इस सम्मान को समकालीन कथा जगत के ख्यातिलब्ध कथाकार हरि भटनागर को उनके उपन्यास "दो गज जमीन" के लिये दिया गया है।

इसके पहले यह कथा सम्मान वर्ष 2023 के लिये श्री महेश कटारे एवं वर्ष 2024 के लिए उर्मिला शिरीष को प्रदान किया गया था। मदन भारद्वाज स्मृति कथा सम्मान ऐसे कथाकार को प्रदान किया जाता है जिसने कथा के क्षेत्र में नितान्त मौलिक और जमीन से जुड़ी सच्चाईयों को गहरे से छुआ हो और जिसने अपनी रचनाओं में दृढ सृजनात्मक क्षमता और खोजी दृष्टि का परिचय दिया हो।

हरि भटनागर का कथा साहित्य गहरे जन सरोकारों एवं उत्कृष्ट रचना दृष्टि का परिचायक है। बदलती दुनिया में समाज के सबसे कमजोर, मूक एवं साधारण तबकों के संघर्ष व पीड़ा को उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से व्यक्त किया है।

यह कथा सम्मान स्व० मदन भारद्वाज जी की स्मृति में "केदार स्मृति न्यास" के सौजन्य से प्रत्येक वर्ष दिया जाता है। मदन भारद्वाज नगर के गणमान्य समाजसेवी व्यक्तित्व थे। उनका जीवन शिक्षा और साहित्य के प्रति समर्पित रहा।

उन्होंने बच्चों की शिक्षा के लिए अपने निजी प्रयासों से शिक्षण संस्थान की स्थापना की और अपना पूरा जीवन बाँदा नगर के बच्चों की शिक्षा के लिये समर्पित किया। उनके द्वारा स्थापित डी. आर. पब्लिक इण्टर कालेज आज नगर के प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थानों में से एक है।

सम्मान सत्र की अध्यक्षता वैभव सिंह ने की, मुख्य वक्ता अमृता बेरा, मुख्य अतिथि बलराम तथा विशिष्ट अतिथि विवेक मिश्र रहे। डी. आर. पब्लिक के चेयरमैन तथा इस सम्मान कार्यक्रम के अधिष्ठाता चन्द्रमौलि भारद्वाज ने हरि भटनागर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

कहानी पाठ सत्र की अध्यक्षता श्री बलराम जी ने की जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अमृता बेरा जी उपस्थित रहीं। कहानी पाठ हरि भटनागर, विवेक मिश्र एवं वैभव सिंह जी के द्वारा सम्पन्न किया गया।

इस सम्मान समारोह में डी. आर पब्लिक इण्टर कॉलेज की प्रबंधक श्रुति भारद्वाज, चेयरमैन चन्द्रमौलि भारद्वाज, प्रधानाचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त केदार स्मृति न्यास के सचिव नरेन्द्र पुण्डरीक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. शबाना रफीक, उपाध्यक्ष अंकित कुशवाहा, श्रद्धा निगम, छाया सिंह, रामचन्द्र सरस, मनीष श्रीवास्तव, अमित अग्रवाल, राममिलन गुप्ता, दिलीप सविता, कमल यादव, सुनील सक्सेना, रिजवान अली, अभिषेक शुक्ला, सचिन चतुर्वेदी सहित नगर के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।