बहराइच: घर में घुसकर लूटपाट और आगजनी, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
उप्र के बहराइच जनपद के नानपारा कोतवाली क्षेत्र से दबंगई का एक मामला सामने आया है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के नानपारा कोतवाली क्षेत्र से दबंगई का एक मामला सामने आया है। यहाँ एक पीड़ित परिवार ने गाँव के ही कुछ दबंगों पर पुरानी रंजिश के चलते परवल की फसल उजाड़ने, विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने और घर में घुसकर आगजनी व नकदी समेत लाखों के जेवर लूटने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़ित ने इस संबंध में नानपारा कोतवाली प्रभारी को लिखित शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बघौली टेपरा के निवासी कमलेश कुमार राजपूत पुत्र जोगेंद्र प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके घर के पीछे खाली पड़ी जमीन पर परवल की फसल लगी हुई थी।
आरोप है कि गाँव के ही कुछ दबंगों ने आपसी रंजिश के चलते उनकी परवल की फसल को जबरन उजाड़ कर फेंक दिया। जब पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, उनके साथ मारपीट की और दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि दबंगों का हौसला इतना बढ़ गया कि वे उनके रेवली (बधौली टेपरा) स्थित घर में जबरन घुस आए। दबंगों ने घर के अंदर आग लगा दी, जिससे घर में रखा करीब 5 लाख रुपये का कीमती सामान, दहेज का सामान, कपड़ा, बिस्तर और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई।
इसके साथ ही पीड़ित का दावा है कि आरोपी घर में रखी 50 हजार रुपये की नकदी (कैश) और सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी लूट ले गए। पीड़ित कमलेश कुमार राजपूत ने नानपारा पुलिस को सौंपे पत्र में गाँव के ही लोगों- आलम की पत्नी, सतेन्द्र चौरसिया पुत्र शिवदयाल, मैकू खाँ पुत्र शुकसार खाँ, सज्जन खाँ पुत्र मैकू खां को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने नानपारा कोतवाली प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

Janmat News 
