प्रतापगढ़: नर्सिंग होम में नवजात की मौत मामले में डॉक्टर समेत 7 पर केस दर्ज, परिजनों ने किया था प्रदर्शन

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हिंद नर्सिंग होम में नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने डॉक्टर सहित सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

प्रतापगढ़: नर्सिंग होम में नवजात की मौत मामले में डॉक्टर समेत 7 पर केस दर्ज, परिजनों ने किया था प्रदर्शन
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हिंद नर्सिंग होम में नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने डॉक्टर सहित सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना 7 जून की है, जब प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई थी।

परिजनों ने आरोप लगाया कि डिलीवरी के बाद नवजात को उचित इलाज और देखभाल नहीं मिली, जिसके कारण उसकी जान चली गई। उन्होंने अस्पताल कर्मियों पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने का भी गंभीर आरोप लगाया।

नवजात की मौत से आक्रोशित परिजन शव को लेकर नगर कोतवाली पहुंचे और घंटों तक धरना प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। क्षेत्राधिकारी (सीओ) के आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया।

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने डॉ. शाहिदा सिद्दीकी सहित सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग भी इस मामले में सक्रिय हो गया है।

डिप्टी सीएमओ ने हिंद नर्सिंग होम पहुंचकर जांच की। प्राथमिक तौर पर लापरवाही के संकेत मिलने पर अस्पताल की ओटी (ऑपरेशन थिएटर) और ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) को सील कर दिया गया है।

इस घटना के बाद नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।