फिरोजाबाद: आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने किया नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली का भ्रमण, कार्यों का किया निरीक्षण
आयुक्त आगरा मंडल नगेंद्र प्रताप द्वारा फिरोजाबाद जनपद के नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली का भ्रमण किया गया।
फिरोजाबाद से विमल कुमार सिंह की रिपोर्ट
फिरोजाबाद/जनमत न्यूज़। आयुक्त आगरा मंडल नगेंद्र प्रताप द्वारा फिरोजाबाद जनपद के नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने वहां उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा हेतु कराई जा रहे हैं कार्यों का निरीक्षण किया।
पर्यटन को बढ़ावा देने और भक्तों की सुगमता के लिए यहां पर्यटकों के ठहरने हेतु 222.47 लाख की लागत से भव्य भवन का निर्माण किया जा रहा है। आयुक्त ने यहां पर बन रहे टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर, परिसर के भीतर बनाई जा रही सीसी रोड इत्यादि का भी अवलोकन किया।
आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में उच्च स्तरीय सामग्री का प्रयोग किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए बन रहे इस भवन का उद्देश्य क्षेत्र को आध्यात्मिक पर्यटन के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी।
इसके पश्चात् उन्होंने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ नीब करौरी बाबा के मंदिर में जाकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने बाबा की प्रतिमा के समक्ष माथा टेक कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, अपर जिलाधिकारी विशु राजा आदि उपस्थित रहे।

Janmat News 
