फतेहपुर: छात्रों ने कॉलेज में छेड़ी बदलाव की लड़ाई, आंदोलन के बाद 7 मांगों पर शुरू हुआ काम
उप्र के फतेहपुर जनपद के विजयीपुर ब्लॉक स्थित किशनपुर कस्बे के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के आंदोलन का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद के विजयीपुर ब्लॉक स्थित किशनपुर कस्बे के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के आंदोलन का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।
मंगलवार को बिजली, पेयजल, शौचालय, पंखों, फर्नीचर और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर करीब चार घंटे तक कॉलेज गेट पर धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं की सात प्रमुख मांगों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू करा दी है।
बता दें कि इस प्रदर्शन की अगुवाई छात्र अंकुर ने की थी, जो हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में भी शामिल रहा था।और वहां का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
इसी अनुभव के बाद कॉलेज में भी छात्रों ने संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां, तिरंगा और महापुरुषों की तस्वीरें लेकर कॉलेज गेट पर बैठ गए थे। सूचना मिलने पर स्कूल प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन छात्र जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, नायब तहसीलदार नितिन कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की, जिसके बाद आठ में से सात मांगों को लिखित रूप से स्वीकार कर लिया गया। अब इन्हीं मांगों पर कॉलेज में काम शुरू हो गया है।
छात्रों की प्रमुख मांगों में प्रत्येक कक्षा में चार-चार पंखे लगाना, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई, कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए पर्याप्त फर्नीचर, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में सुधार, छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई और खेल मैदान की साफ-सफाई शामिल हैं।
जबकि कॉलेज में विज्ञान वर्ग की मान्यता दिलाने की मांग फिलहाल लंबित है। जिलाधिकारी ने कहा जल्द ही हम शासन को पत्र भेज देंगे।


