सहारनपुर में ट्यूबवेल चोर गिरोह का पर्दाफाश, शातिर चोर गिरफ्तार; हिरासत में बाल अपचारी
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के बड़गांव थाना पुलिस ने ट्यूबवेल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया गया है और आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, घटना में इस्तेमाल वाहन और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बड़गांव क्षेत्र के जड़ौदा पांडा, शिमलाना और भगवानपुर गांव में ट्यूबवेल से मोटर और बिजली के तार चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सर्विस रोड बड़गांव से शोएब पुत्र इरफान उर्फ फाना उर्फ ढाई निवासी गन्देवड़ा, हाल निवासी ढमोला रसूलपुर को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया!
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ दिन में मोटरसाइकिल से जंगलों में स्थित ट्यूबवेलों की रेकी करते थे और रात में सेंट्रो कार, मोटरसाइकिल व सामान ढोने वाले रेहड़ों की मदद से मोटर और बिजली के उपकरण चोरी करते थे।
चोरी का सामान पहले जंगल या सुनसान स्थान पर छिपाया जाता था, फिर कबाड़ी की दुकान पर लाकर काट-छांट कर बड़े कबाड़ियों को बेच दिया जाता था।
पुलिस ने मौके से 2 ट्यूबवेल मोटर, 1 सबमर्सिबल मोटर, 11 मोटर की सापट, 11 मोटर बॉडी, 5 मोटर बॉडी कवर, 320 मीटर बिजली केबल, 10 किलो तांबे का तार और 1.5 किलो एल्युमीनियम तार समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया। इसके अलावा सेंट्रो कार, दो मोटरसाइकिल, दो रेहड़े और चोरी में इस्तेमाल हथौड़े, सण्डासी, पाने व अन्य उपकरण भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार साथियों और चोरी का माल खरीदने वाले बड़े कबाड़ी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी शोएब के खिलाफ पहले से भी गोवंश अधिनियम, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।




