पत्रकार पर हमले के विरोध में संभल में प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने मुख्य आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा पीड़ित पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —
संभल/जनमत न्यूज। रामपुर में पत्रकार पर हुए हमले के विरोध में संभल के पत्रकारों ने बहजोई जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को भारत समाचार के पत्रकार सुनील राघव पर उनके ही गांव के दबंगों द्वारा रामपुर जनपद में हमला किया गया था। मामले में रामपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित पत्रकार और आरोपी सभी संभल जनपद के गांव भवन के निवासी हैं। मुख्य आरोपी पर पूर्व से छह मुकदमे दर्ज होने तथा सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप भी लगाए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने मुख्य आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा पीड़ित पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारों पर हमले लोकतंत्र पर हमला हैं और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक संभल ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से मामले की गंभीरता को देखते हुए विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

Janmat News 
