हरदोई पहुंचे सीएम योगी, पीएम मोदी की जनसभा की तैयारियों का लिया जायजा; दिए निर्देश

उप्र के हरदोई जनपद के मल्लावां में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 29 अप्रैल को मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

हरदोई पहुंचे सीएम योगी, पीएम मोदी की जनसभा की तैयारियों का लिया जायजा; दिए निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के मल्लावां में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 29 अप्रैल को मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

कार्यक्रम को लेकर जनपद हरदोई में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सभी विभागों के अधिकारी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मल्लावां क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सभा स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा,यातायात, पार्किंग,मंच व्यवस्था पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

गंगा एक्सप्रेसवे जो मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 594 किलोमीटर लंबा है प्रदेश के 12 जिलों को जोड़ते हुए विकास की नई रफ्तार देगा। इसके शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर करीब 6 से 8 घंटे रह जाएगा।

जिससे व्यापार उद्योग और आवागमन को बड़ा लाभ मिलेगा।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमले में व्यापक तैयारियां जारी हैं और पूरे जनपद में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण समेत कई मंत्री विधायक आदि मौजूद रहे।