बहराइच: भारत नेपाल बॉर्डर से पहली रेल सेवा का संचालन शुरू, मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना

उप्र के बहराइच जनपद के भारत नेपाल बॉर्डर के नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से आज ब्रॉड गेज की पहली रेल सेवा का संचालन किया गया है।

बहराइच: भारत नेपाल बॉर्डर से पहली रेल सेवा का संचालन शुरू, मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के भारत नेपाल बॉर्डर के नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से आज ब्रॉड गेज की पहली रेल सेवा का संचालन किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिले के सांसद डॉक्टर आनंद गौड़, सांसद जगदंबिका पाल ने हरी झंडी दिखाकर वाराणसी जाने वाली ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और उन्होंने भी हरी झंडी दिखाई।

आपको बता दे की नेपालगंज रोड से संचालित की जाने वाली रेल सेवा लाखों लोगों के लिए वरदान के रूप में साबित होगी। इस रेल सेवा के शुरू होने से बहराइच सहित आसपास के जनपदों के एवं नेपाल राष्ट्र के लाखों लोगों को लाभ प्राप्त होगा। ट्रेन संचालन की वजह से सीमा पर व्यापार की संभावनाएं बढ़ेंगे। दोनों देशों के व्यापारियों को आवागमन एवं व्यापार से संबंधित कई तरह की सुविधाएं प्राप्त होगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से नेपाल राष्ट्र से दूरस्थ इलाकों को जाने वाले श्रमिकों को भी बेहद लाभ मिलने वाला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नेपाल से हमारे संबंध व्यापारिक हैं और पारिवारिक हैं ऐसे में यह रेल सेवा दोनों देशों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए वरदान साबित होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पूरे देश में बड़ी लाइन रेल सेवा की जाल बिछाई जा रही है। सभी जगह पर अमान परिवर्तन करके मीटर गेज को ब्रॉड गेज में परिवर्तित कर दिया गया है रेल सेवा भारत में केवल आवागमन का ही सुगम साधन नहीं बल्कि व्यापारिक दृष्टिकोण से भी बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होता है।

नेपालगंज रोड से आज पहली रेल सेवा का संचालन किया गया है आगामी समय में और भी दूरस्थ इलाकों के लिए ट्रेनों का संचालन नेपाल बॉर्डर से किया जाएगा जिसका लाभ सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ-साथ में नेपाल राष्ट्र के लोगों को भी मिलेगा।

रेल सेवा शुरू होने के अवसर पर व्यापारियों ने कहा कि यह उनके लिए बहुत ही सुखद एवं ऐतिहासिक क्षण है जब भारत सरकार की तरफ से एक बड़ी सौगात उन्हें रेल सेवा के रूप में दी जा रही है । व्यापारियों ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि नेपाल बॉर्डर से भी रेल सेवा दूरस्थ इलाकों के लिए शुरू हो जाएगी।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से समय और धन दोनों की बचत होगी। क्योंकि अन्य संसाधनों से दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर धन खर्च करना पड़ता था लेकिन रेलवे की सुविधा प्राप्त होने के बाद बेहतर तरीके से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारियों का समय भी बचत होगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ हरी झंडी दिखाने पहुंचे जिले के सांसद डॉक्टर आनंद गोंड ने कहा कि अभी तो यह शुरुआत है आगे केंद्र सरकार की मदद से अन्य दूरस्थ इलाकों के लिए भी रेल संचालन शुरू किया जाएगा ताकि अन्य महानगरों तक जाने वाले श्रमिक और व्यापारी समय और सुगमता से अपने व्यापार को बढ़ावा दे सकेंगे।