रायबरेली: क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार, यूपी पुलिस आईडी कार्ड बरामद

उप्र की रायबरेली पुलिस ने खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

रायबरेली: क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार, यूपी पुलिस आईडी कार्ड बरामद
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र की रायबरेली पुलिस ने खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कमांडो जैसी वर्दी पहनकर लोगों का विश्वास जीतता था और मकान दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लेता था।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के जेल रोड निवासी मुनीश अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि राणा प्रताप सिंह नाम का व्यक्ति स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताता था।

आरोपी ने नया मकान दिलाने का झांसा देकर उनसे 7.07 लाख रुपये के तीन चेक ले लिए। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि आरोपी फर्जी है और कई लोगों से ठगी कर चुका है।

शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बंधा रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राणा प्रताप सिंह निवासी ग्राम रारी खुर्द, थाना बदलापुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी पुलिस आईडी कार्ड बनाकर लोगों को अपना शिकार बनाता था और ठगी करता था।

पुलिस ने उसके कब्जे से एक फर्जी यूपी पुलिस आईडी कार्ड और आठ पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले में अन्य संभावित पीड़ितों की भी जांच की जा रही है।