वार्षिक निरीक्षण में जिलाधिकारी सख़्त, विकास कार्यों व योजनाओं की गहन समीक्षा

व्यक्तिगत शौचालय योजना की समीक्षा में बताया गया कि 663 के लक्ष्य के सापेक्ष 209 लाभार्थियों को प्रथम किस्त निर्गत की जा चुकी है तथा 245 शौचालयों का सर्वे पूर्ण हो चुका है। शेष लंबित प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप तेज़ी से कार्य कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 65 आवासों का लक्ष्य प्राप्त होने की जानकारी दी गई, जिसमें से 15 आवास अभी लंबित हैं।

वार्षिक निरीक्षण में जिलाधिकारी सख़्त, विकास कार्यों व योजनाओं की गहन समीक्षा
Published By - ANKUSH PAL

उरई (जनमत)  :- जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज विकासखंड कदौरा का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न पटलों की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर सख़्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं निराश्रित पेंशन पटल का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ मिले। व्यक्तिगत शौचालय योजना की समीक्षा में बताया गया कि 663 के लक्ष्य के सापेक्ष 209 लाभार्थियों को प्रथम किस्त निर्गत की जा चुकी है तथा 245 शौचालयों का सर्वे पूर्ण हो चुका है। शेष लंबित प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप तेज़ी से कार्य कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 65 आवासों का लक्ष्य प्राप्त होने की जानकारी दी गई, जिसमें से 15 आवास अभी लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन्हें प्राथमिकता पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कर्मचारियों की जीपीएफ पासबुक एवं सर्विस बुक के सत्यापन में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी जताते हुए सभी अभिलेखों का तत्काल सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि की समीक्षा कर कराए गए कार्यों की प्रगति देखी। कंप्यूटर कक्ष में फाइलों का अव्यवस्थित रखरखाव तथा बरसात में छत टपकने की स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की और अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव एवं भवन मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु समुचित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने, पूरे कार्यालय की रंगाई-पुताई कराने तथा आंतरिक सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।


इसके उपरांत जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद कालपी का भी विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका के सभी पटलों की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नालियों की सफाई तथा कर वसूली की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा नियमित सफाई अभियान चलाया जाए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका अभिलेखों के रखरखाव, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही, लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कर आम नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।