हरदोई के रामगंगा की लहरों में दिखे मवेशी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; प्रशासन ने दी सफाई
उप्र के हरदोई जनपद के बाढ़ प्रभावित अरवल थाना क्षेत्र के बेड़ीजोर गांव से रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के बाढ़ प्रभावित अरवल थाना क्षेत्र के बेड़ीजोर गांव से रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया। इस वायरल वीडियो में रामगंगा नदी के उफनते पानी के बीच करीब दो दर्जन मवेशियों का एक झुंड तैरता हुआ दिखाई दे रहा था।
इस मामले में एसडीएम सवायजपुर ने बताया कि यह जानवर स्थानीय लोगों के है जो सुरक्षित स्थान पर जानवर चारण के लिए ले जा रहे थे।
हरपालपुर कस्बे से करीब 13 किलोमीटर दूर स्थित बेड़ीजोर गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में है, ऐसे में चारों तरफ फैले पानी के बीच मवेशियों को इस हाल में देख ग्रामीण और क्षेत्रवासी बेहद परेशान हो गए।नदी में गोवंशों के फंसे होने का वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।
सवायजपुर की उपजिलाधिकारी शिवानी सिंह ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रामगंगा नदी पर बने पुल और आसपास के प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कराया उसके बाद की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि रामगंगा नदी में कोई भी गोवंश या अन्य पशु फंसा हुआ नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा कि पुल के आसपास के गांवों के ग्रामीण अपने पशुओं को नदी पार कराकर दूसरी तरफ पशु चारण के लिए ले गए थे।
सभी मवेशी नदी जल से होकर सूखे स्थान पर पहुंच चुके हैं और सुरक्षित रूप से घास चर रहे हैं। उन्होंने सभी पशुओं के पूरी तरह सुरक्षित होने की पुष्टि की।बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बेड़ीजोर और आसपास के ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को हिदायत दी है कि वे बाढ़ के इस संवेदनशील दौर में अपने मवेशियों को खुले में या नदी के किनारे संवेदनशील क्षेत्रों में चरने के लिए बिल्कुल न छोड़ें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।




