चन्दौली: छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और जंतर-मंतर पर हुई घटना के विरोध में गुरुवार को उप्र के चंदौली जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

चन्दौली: छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और जंतर-मंतर पर हुई घटना के विरोध में गुरुवार को उप्र के चंदौली जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के साथ हुई कथित कार्रवाई की निंदा की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क तक मार्च निकालना चाहते थे, लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने पर कार्यकर्ता चंदौली मुख्यालय स्थित कस्बा चौकी के समीप सड़क पर धरने पर बैठ गए।

धरने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित घटना और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कथित रूप से रोके जाने तथा हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से चलाया जा रहा है।

उन्होंने मांग की कि छात्रों को न्याय दिया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम नहीं उठाए जाते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और छात्रों के समर्थन में अपनी एकजुटता जताई। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जबकि कांग्रेस नेताओं ने भविष्य में भी आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।