प्रतापगढ़: जर्जर मकान ढहने के इकलौते बचे पीड़ित से मिले पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, बंधाया ढांढस

उप्र के प्रतापगढ़ शहर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की दर्दनाक घटना के बाद राजनीतिक नेताओं के पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है।

प्रतापगढ़: जर्जर मकान ढहने के इकलौते बचे पीड़ित से मिले पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, बंधाया ढांढस
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ शहर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की दर्दनाक घटना के बाद राजनीतिक नेताओं के पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है।

इसी क्रम में पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता रविवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने हादसे में इकलौते बचे अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और उसे ढांढस बंधाया।

पूर्व सांसद ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। एक ही परिवार के छह लोगों को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

संगम लाल गुप्ता ने अमन श्रीवास्तव और उसके परिवार को भरोसा दिलाया कि वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पीड़ित परिवार के लिए अधिक से अधिक आर्थिक एवं अन्य सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने प्रशासन से भी पीड़ित को नियमानुसार सभी संभव मदद उपलब्ध कराने की बात कही।

बताते चलें कि दो दिन पूर्व नगर के महुली मोहल्ले में बारिश के दौरान जर्जर मकान की छत भरभराकर गिर गई थी। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अमन श्रीवास्तव घायल अवस्था में बच गया था। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।