प्रतापगढ़ में बोलीं विधायक आराधना मिश्रा- छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद शर्मनाक, शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में सियासत तेज हो गई है। यहां की रामपुर खास विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' ने सरकार पर हमला बोला.
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में सियासत तेज हो गई है। यहां की रामपुर खास विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों पर कीलें लगाकर लाठीचार्ज करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की है।
प्रतापगढ़ के लालगंज स्थित कैंप कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' ने केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर इस तरह बल प्रयोग लोकतंत्र के लिए खतरा है।
छात्र-छात्राओं पर कील लगाकर लाठी चार्ज करना बेहद शर्मनाक है। धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए। इस दौरान विधायक ने राम मंदिर में हुई चोरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम की व्यापारी बन गई है। इंडिया गठबंधन छात्रों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगा।
उन्होंने कहा कांग्रेस सदैव से राम की पुजारी है, वहीं भाजपा सरकार राम की व्यापारी है। सरकार अपने तानाशाही रवैये से पतन की ओर जा रही है। आराधना मिश्रा ने कहा कि 2027 में प्रदेश का युवा इस तानाशाही सरकार को करारा जवाब देगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


