जूते के विवाद में बड़ा भाई बना हत्यारा, छोटे भाई की कैंची से गोदकर हत्या
बहन के घर जाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि बड़े भाई ने छोटे भाई का जूता पहन लिया था, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्र की रिपोर्ट —
महराजगंज/जनमत न्यूज। जनपद महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत चौमुखा गांव में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां बड़े भाई ने छोटे भाई की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहन के घर जाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि बड़े भाई ने छोटे भाई का जूता पहन लिया था, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर कैंची से छोटे भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

Janmat News 
