हरदोई: पति ने पत्नी को मारी गोली, चीख-पुकार से जागे लोग; गंभीर हालत में पत्नी लखनऊ रेफर
उप्र के हरदोई जनपद में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में सोमवार सुबह पति गंभीर ने अपनी पत्नी साधना को तमंचे से गोली मार दी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में सोमवार सुबह पति गंभीर ने अपनी पत्नी साधना को तमंचे से गोली मार दी।
गोली लगते ही साधना लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी पति घर में हंगामा करता रहा और परिजनों को भी धमकाया। इसके बाद मौका पाकर फरार हो गया।
गंभीर हालत में साधना को हरदोई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बताया गया कि गंभीर और साधना की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी।
दोनों के तीन बच्चे हैं-11 वर्षीय काजल, 7 वर्षीय रौनक और 4 वर्षीय रुही। पति-पत्नी बच्चों के साथ अलग रहते हैं। सोमवार तड़के परिवार के लोग सो रहे थे, तभी कमरे से साधना के रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर परिजन दौड़े तो साधना घायल हालत में पड़ी मिली। आरोप है कि गंभीर ने गोली मारने के बाद परिजनों से गाली-गलौज की और उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। ननद रीना के मुताबिक, आरोपी कह रहा था कि सामने से हट जाओ, वरना तुम्हें भी मार देंगे।
परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह गंभीर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह मौका पाकर भाग निकला। साधना के ससुर राजकुमार, सास सीमा और ननद रीना उसे एंबुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल गोली मारने की वजह साफ नहीं हो सकी है।
परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। साधना का मायका सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी गंभीर की तलाश में जुटी है।




