तालाब में डूबने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम

करीब तीन घंटे तक बच्चों के वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश की गई, जहां तीनों बच्चों के शव बरामद हुए।

तालाब में डूबने से तीन सगे भाई-बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के कंधई थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजास गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तालाब में नहाने गए तीन सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय बहादुर के तीन बच्चे—रानी (12), मोहित (8) और रोहित (7)—भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान छोटे भाई का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में बड़ा भाई और बहन भी तालाब में कूद पड़े, लेकिन तीनों ही गहराई में समा गए।

करीब तीन घंटे तक बच्चों के वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश की गई, जहां तीनों बच्चों के शव बरामद हुए। स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। पिता लकवाग्रस्त हैं, जबकि मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। घटना के समय मां घर पर ही थी और बच्चों के लिए भोजन बना रही थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।