‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा पहुंची प्रतापगढ़
सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा पिछड़ों, दलितों और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा ने रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश बेरोजगारों की राजधानी बन गया है।
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। आम आदमी पार्टी की ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा बुधवार को प्रतापगढ़ पहुंची। यह पदयात्रा 12 नवंबर से 24 नवंबर तक प्रदेश में सरयू से प्रयागराज संगम तक संचालित की जा रही है। पदयात्रा का नेतृत्व राज्यसभा सांसद संजय सिंह कर रहे हैं, जिन्होंने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक औपचारिकता का हिस्सा नहीं, बल्कि जनता को उनके अधिकार दिलाने का आंदोलन है।
यात्रा के सदर मोड़ पहुंचने के बाद आप कार्यालय पर एक जनसभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा पिछड़ों, दलितों और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा ने रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश बेरोजगारों की राजधानी बन गया है।
संजय सिंह ने अपराध नियंत्रण को लेकर भी योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अपराध और भयमुक्त समाज देने के दावों के विपरीत स्थिति जमीनी स्तर पर चिंताजनक है।
सांसद ने बिहार चुनाव परिणामों को लेकर भी चुनाव आयोग पर प्रश्नचिह्न लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा सरकार बनने की जानकारी तीन महीने पहले ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय थी, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।
इसके अलावा, उन्होंने एसआईआर (SIR) को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार की मिलीभगत से विशेष समुदायों—मुस्लिम और यादव—जिन्हें वे भाजपा का मूल वोटर नहीं बताते, उनके लगभग दो करोड़ से अधिक मतों को एसआईआर के दौरान काटने की तैयारी की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

Janmat News 
