अयोध्या के जैन मंदिर परिसर में मनाया जाएगा ज्ञानमती माताजी का 93वां जन्मोत्सव, होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन
उप्र की रामनगरी अयोध्या में जैन धर्म की गणिनी प्रमुख आर्यिका शिरोमणि ज्ञानमती माताजी का 93वां जन्मोत्सव और 75वां संयम दिवस 25 से 27 अक्टूबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र की रामनगरी अयोध्या में जैन धर्म की गणिनी प्रमुख आर्यिका शिरोमणि ज्ञानमती माताजी का 93वां जन्मोत्सव और 75वां संयम दिवस 25 से 27 अक्टूबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित समारोह में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ तीस चौबीसी जिन मंदिर के शिखर कलश पूजन और सरस्वती ज्ञान आराधना महोत्सव का आयोजन होगा। 25 अक्टूबर को अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा।
26 अक्टूबर को भगवान ऋषभदेव की प्रतिमा का मस्तकाभिषेक, जन्म जयंती की मुख्य विनयांजलि सभा, सामूहिक महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसी दिन विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए विकसित जैन जाति विवाह ऐप का उद्घाटन किया जाएगा। 27 अक्टूबर को महामस्तकाभिषेक के बाद भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।
आयोजन ज्ञानमती माताजी के ससंघ सानिध्य, आर्यिका चंदनामती माताजी के मार्गदर्शन और अयोध्या तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष रवींद्रकीर्ति स्वामी के निर्देशन में होगा। आयोजकों के अनुसार, समारोह में देशभर से जैन समाज के प्रमुख पदाधिकारी, श्रद्धालु और श्रावक-श्राविकाएं शामिल होंगे।



