संतकबीरनगर: रामकथा के अमृत से सराबोर होगा खलीलाबाद, सात दिन गूंजेगा श्रीराम का जयघोष
उप्र के संतकबीरनगर जनपद का जिला मुख्यालय खलीलाबाद धर्म, अध्यात्म और सामाजिक सरोकारों का संगम बनने जा रहा है.
संतकबीरनगर से सर्वेश भट्ट की रिपोर्ट
संतकबीरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के संतकबीरनगर जनपद का जिला मुख्यालय खलीलाबाद धर्म, अध्यात्म और सामाजिक सरोकारों का संगम बनने जा रहा है, जहाँ 18 से 24 नवंबर तक अखिल भारतीय श्रीराम-नाम जागरण मंच एवं कल्याण सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीराम कथा एवं पर्यावरण संरक्षण यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
कथा व्यास स्वामी विष्णु दास जी महाराज करेंगे रामकथा की अमृतवर्षा
खलीलाबाद के जूनियर हाईस्कूल (डायट ऑफिस) मैदान में आयोजित इस श्रीराम कथा अमृत महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन में परम पूज्य श्री स्वामी विष्णु दास जी महाराज कथा व्यास के रूप में श्रीराम चरित्र की महिमा का बखान करेंगे। प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक कथा होगी।
हनुमान जी महाराज होंगे मुख्य यजमान
आयोजन के मुख्य यजमान स्वयं श्री हनुमान जी महाराज होंगे, जबकि निवेदक श्रीराम परिवार मित्र मंडली है जिसके संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार अभिलाष भट्ट हैं। उक्त जानकारी अभिलाष भट्ट ने स्वयं दी है।
इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसका उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की चेतना जगाना भी है।
रामकथा के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण, बेजुबान प्राणियों की सेवा, गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग और उपेक्षित प्रतिभाओं को सम्मान दिलाने का संकल्प लिया गया है।
संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करना भी आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। प्रतिदिन सुबह आठ से दस बजे तक यज्ञ होगा। 24 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन होगा। खास बात यह है कि प्रतिदिन सभी श्रोताओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।



