प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा, डंपर की चपेट में आने से दंपति समेत तीन की मौत; मासूम गंभीर

उप्र के प्रतापगढ़ जिले के बाघराय थाना क्षेत्र में बुधवार को सेवा नहर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा, डंपर की चपेट में आने से दंपति समेत तीन की मौत; मासूम गंभीर
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट 

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के बाघराय थाना क्षेत्र में बुधवार को सेवा नहर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान रीता (45), उनके पति हैदर (48) और नोखे लाल (40) के रूप में हुई है।

हादसे में नोखे लाल का छह वर्षीय बेटा शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए। सड़क पर शव और क्षतिग्रस्त बाइक देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे चार लोग

जानकारी के अनुसार, कुंडा क्षेत्र के गैसपुर दुखीपुर निवासी रीता अपने मायके मऊआइमा, प्रयागराज जा रही थीं। नोखे लाल की ससुराल भी मऊआइमा में है। बताया जा रहा है कि चारों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

इसी दौरान बाघराय थाना क्षेत्र में सेवा नहर के पास उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में तीन की मौत, मासूम गंभीर घायल डंपर की टक्कर इतनी भीषण थी कि रीता, उनके पति हैदर और नोखे लाल की मौत हो गई। वहीं, छह वर्षीय शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही बाघराय थाना प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि छेवगा नहर के पास डंपर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक बच्चा घायल है। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घायल बच्चे का उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।