अलीगढ़: जिस आंगन में गूंजनी थीं शहनाई, वहां अब है चीख-पुकार; सिरसा के लाल ने दिया सर्वोच्च बलिदान
उप्र के अलीगढ़ जनपद के छर्रा क्षेत्र के ग्राम सिरसा निवासी 26 वर्षीय जांबाज नायक करन चौधरी उर्फ सौरभ पुत्र पप्पू सिंह ने अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया है।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के अलीगढ़ जनपद के छर्रा क्षेत्र के ग्राम सिरसा निवासी 26 वर्षीय जांबाज नायक करन चौधरी उर्फ सौरभ पुत्र पप्पू सिंह ने अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोहलाम क्षेत्र स्थित 28 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात करन रविवार देर रात ड्यूटी के दौरान गोली लगने से शहीद हो गए।
भारतीय सेना के 22 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात सिरसा निवासी करन चौधरी की 24 नवंबर को शादी होनी थी। जहाँ मंगलवार को उन्हें श्रीनगर से फ्लाइट से दिल्ली आकर घर लौटना था। लेकिन सोमवार सुबह चार बजे परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि सिर में दो गोली लगने से उनके बेटे करन चौधरी की मौत हों गई है।
इस खबर को सुनते ही परिवार में शादी की खुशियां शोक में तब्दील हो गईं। पिता पप्पू सिंह ने कहा कि दिन-तारीख वही है। अब मंगलवार को करन की जगह उसका पार्थिव शरीर गांव लाया जाएगा। यह कहते हुए मृतक जवान के पिता के आंसू निकल पड़े।
24 नवंबर को होनी थी शादी, बंट चुके थे निमंत्रण पत्र
जिस आंगन में आगामी 24 नवंबर को शादी की शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। इस हृदयविदारक खबर ने न केवल सिरसा गांव, बल्कि पूरे अतरौली और छर्रा क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
मृतक जवान के परिजनों के बताए अनुसार, रविवार रात करीब 2:05 बजे सरहद पर यह दुखद घटना घटी। सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर ने फोन पर परिजनों को करन की शहादत की आधिकारिक सूचना दी। बेटे के बलिदान की खबर सुनते ही मां जयवाला देवी बदहवास होकर बेसुध हो गईं।
हालांकि, गोली लगने की परिस्थितियों और पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने के सटीक समय को लेकर सेना की ओर से विस्तृत विवरण का इंतजार किया जा रहा है। करन के परिवार में देशसेवा की परंपरा रही है। उसके बड़े भाई संजय चौधरी भारतीय सेना में हवलदार के पद पर पंजाब में तैनात हैं।
छोटे भाई की शहादत की सूचना मिलते ही संजय छुट्टी लेकर गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। परिवार में करन के विवाह को लेकर जबरदस्त उत्साह था। करीब सात माह पूर्व थाना पालीमुकीमपुर क्षेत्र के ग्राम भाऊपुर से उनका रिश्ता तय हुआ था।
आगामी 22 नवंबर को सिरसा गांव में 'भेंट' की रस्म और 24 नवंबर को अतरौली के एक मैरिज हॉल से बारात जानी थी। घर में तैयारियां अंतिम चरण में थीं और आधे से अधिक निमंत्रण कार्ड भी बांटे जा चुके थे।
शहीद के पिता पप्पू सिंह ने रुंधे गले से बताया कि शनिवार को बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। करन ने घर के सभी सदस्यों का हालचाल जाना था और वादा किया था कि वह 17 नवंबर को छुट्टी पर घर पहुंच जाएंगे।
करन के बचपन के मित्र विवेक ने भी शनिवार की बातचीत को याद करते हुए बताया कि करन ने उन्हें 17 को घर आने की बात कहते हुए शादी की तैयारियों में जुटने का आग्रह किया था।
करीब आठ महीने पहले आखिरी बार छुट्टी पर घर आए करन अब तिरंगे में लिपटकर लौटेंगे, जिसकी प्रतीक्षा पूरा गांव नम आंखों और गर्व के साथ कर रहा है।



