गौरव को समय पर इलाज मिलता तो आज हमारे बीच होते: बिधूना में बोले सपा मुखिया अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को उप्र के औरैया जनपद के बिधूना पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के दिवंगत कार्यकर्ता गौरव रघुवंशी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

गौरव को समय पर इलाज मिलता तो आज हमारे बीच होते: बिधूना में बोले  सपा मुखिया अखिलेश यादव
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट  

औरैया/जनमत न्यूज़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को उप्र के औरैया जनपद के बिधूना पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के दिवंगत कार्यकर्ता गौरव रघुवंशी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि गौरव पार्टी के बेहद जिम्मेदार कार्यकर्ता थे। उन्हें यदि समय पर समुचित इलाज मिल जाता तो संभव है कि आज वह हमारे बीच होते। उन्होंने कहा कि कई बार व्यस्तता के चलते लोग अपना स्वास्थ्य परीक्षण नहीं करा पाते और गंभीर बीमारियां अचानक सामने आ जाती हैं।

गौरव जैसे कार्यकर्ताओं को खोना पार्टी के लिए बड़ी क्षति

अखिलेश यादव ने कहा कि गौरव कम उम्र में ही पार्टी के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम कर रहे थे। उनका असमय निधन परिवार के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के लिए भी बड़ी क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।

महंगाई और बेरोजगारी ने आम आदमी की कमर तोड़ी

सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में सबसे बड़ा सवाल महंगाई और बेरोजगारी का है। सरकार बड़े-बड़े निवेश और विकास के दावे कर रही है, लेकिन आम आदमी की जिंदगी में इसका असर दिखाई नहीं दे रहा। किसान खाद के लिए परेशान है और डीजल-पेट्रोल से लेकर रोजमर्रा की जरूरत का सामान लगातार महंगा हो रहा है।

जीडीपी के आंकड़ों को लेकर सरकार पर तंज

अखिलेश यादव ने जीडीपी के आंकड़ों को लेकर भी सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नजरों में जीडीपी बढ़ने की बात कर रही है, लेकिन बेरोजगारी और महंगाई के हालात कुछ और ही तस्वीर दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब आम आदमी की आय बढ़े, रोजगार मिले और उसके जीवन में खुशहाली आए।

बिधूना की सड़कों को लेकर उठाए सवाल

बिधूना क्षेत्र की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि क्षेत्र में फोरलेन का काम जहां तक हुआ था, वहीं तक दिखाई देता है। आगे सड़क की स्थिति खराब है और जगह-जगह गड्ढे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जरूरत के समय एंबुलेंस न मिले और अस्पताल पहुंचने के बाद भी समुचित इलाज न हो तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कानून व्यवस्था के दावे जमीन पर खोखले

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाओं को लेकर सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर दिखाई देता है। महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को कानून व्यवस्था के मोर्चे पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

सहारनपुर की घटना पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने सहारनपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और आपसी भाईचारे में है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। वसुधैव कुटुंबकमकी भावना भारतीय संस्कृति की पहचान रही है। एक सच्चा सनातनी कभी दूसरे धर्म की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचा सकता।

मस्जिद गिराए जाने की कार्रवाई पर उठाए सवाल

उन्होंने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने की कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को न्याय पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जल्दबाजी में कार्रवाई कर लोगों के कानूनी अधिकारों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि देश संविधान और कानून से चलता है और सभी को न्याय पाने का अवसर मिलना चाहिए।

एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप

सपा मुखिया ने एक्सप्रेसवे सहित कई विकास परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया। उन्होंने कहा कि सरकार को इन परियोजनाओं में खर्च हुए धन और काम की गुणवत्ता का जवाब जनता को देना चाहिए।

निवेश और नौकरी के वादे सिर्फ कागजों पर

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार और बड़े पैमाने पर निवेश के सपने दिखाती है, लेकिन धरातल पर पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में भटक रहा है और महंगाई के कारण परिवारों का बजट बिगड़ गया है।

जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार

अखिलेश यादव ने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी, किसान और कानून व्यवस्था के सवालों को लेकर जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता भाजपा को इसका जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

हिंदुस्तान की ताकत आपसी सम्मान में

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में अलग-अलग जाति, धर्म और समुदाय के लोग सदियों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना ही देश की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने के बजाय लोगों को जोड़ने की जरूरत है।