हरदोई: महिला का मंगलसूत्र लूटने वाले दो गैंगस्टर गिरफ्तार, लखनऊ के शातिर आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
उप्र की हरदोई पुलिस ने लखनऊ के दो शातिर गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने 31 अगस्त की शाम एक महिला का मंगलसूत्र लूटा था।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र की हरदोई पुलिस ने लखनऊ के दो शातिर गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने 31 अगस्त की शाम एक महिला का मंगलसूत्र लूटा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
यह घटना 31 अगस्त को बावन रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के पास हुई थी। कोतवाली हरपालपुर के पलिया निवासी रंजना पैदल जा रही थीं, इस दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका मंगलसूत्र लूट लिया था।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों सत्यम शुक्ला (भवानीपुर, बक्शी का तालाब, लखनऊ) और सुंदरलाल (सुल्तानपुर, इटौंजा, लखनऊ) को गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है।
आरोपी सत्यम शुक्ला के खिलाफ लखनऊ के मड़ियांव, दुबग्गा, ठाकुरगंज, अलीगंज, गोमतीनगर, मलिहाबाद और बक्शी का तालाब थानों में कुल 29 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, झपटमारी, धोखाधड़ी, चोरी का सामान रखने, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी सुंदरलाल पर भी लखनऊ के इटौंजा और बक्शी का तालाब थानों में चोरी, चोरी का सामान बरामद होने और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 6 मुकदममें दर्ज हैं।
कोतवाली शहर पुलिस की इस तेज कार्रवाई से इलाके के लोगों को राहत मिली है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।




