प्रतापगढ़ में राजा भैया ने किया 500 से अधिक हथियारों का शस्त्र पूजन, दोनों जुड़वां बेटे भी रहे मौजूद
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार को अपनी कोठी में शस्त्र पूजन किया। दोपहर करीब एक बजे आयोजित पूजन कार्यक्रम में राजा भैया धोती-कुर्ता और केसरिया साफा पहने 500 से अधिक देशी-विदेशी हथियारों की पूजा करते नजर आए।
इस दौरान उनके दोनों जुड़वां बेटे शिवराज और बृजराज भी मौजूद रहे। शस्त्र पूजन कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि समेत सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। कई समर्थक अपने-अपने हथियारों के साथ पहुंचे थे। कार्यक्रम में शस्त्रों के साथ उनके लाइसेंस भी रखे गए। शस्त्र पूजन का वीडियो भी सामने आया है।
पत्नी भानवी सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद राजा भैया लगातार दूसरे वर्ष दशहरे पर सार्वजनिक रूप से समर्थकों के साथ शस्त्र पूजन करते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही।
‘धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए संकल्पित है हमारा परिवार’ शस्त्र पूजन के दौरान राजा भैया ने कहा कि विजयदशमी के दिन शस्त्र पूजन अनादि काल से होता आया है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि सभी लोग धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए संकल्पित हैं।
राजा भैया ने हथियारों को लेकर कहा, “यह नहीं सोचिए कि इतने ही हथियार हैं। हाथी के दांत दिखाने के अलग होते हैं, खाने वाले अलग होते हैं।” उनके इस बयान की भी चर्चा हो रही है। विजयदशमी पर आयोजित इस शस्त्र पूजन कार्यक्रम और राजा भैया के बयान का वीडियो सामने आने के बाद यह आयोजन चर्चा में है।



