सीतापुर: दो साल पहले मौत, फिर कागजों में हो गए जिंदा; मृतक के नाम आय प्रमाण पत्र जारी
सरकारी सिस्टम का भी गजब हाल है। दो साल पहले जिस व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, उसके नाम पर 60 हजार रुपये सालाना आय वाला प्रमाण पत्र जारी हो गया। मामला खुला तो उप्र के सीतापुर जनपद की मिश्रिख तहसील में हड़कंप मच गया।
सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। सरकारी सिस्टम का भी गजब हाल है। दो साल पहले जिस व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, उसके नाम पर 60 हजार रुपये सालाना आय वाला प्रमाण पत्र जारी हो गया। मामला खुला तो उप्र के सीतापुर जनपद की मिश्रिख तहसील में हड़कंप मच गया। डीएम ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित लेखपाल सुधीर कुमार को निलंबित कर दिया।
मामला ग्राम शंकरपुर मजरा रामगढ़ का है, जहां कन्हाई पुत्र दुन्नत की करीब दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद उनके नाम से तीन दिन पहले आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। जांच में बिना स्थलीय निरीक्षण किए आख्या लगाने की बात सामने आई। डीएम ने मामले की विस्तृत जांच नायब तहसीलदार अजय कुमार को सौंपी है। उन्हें 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
अब बड़ा सवाल—जब व्यक्ति की दो साल पहले मौत हो चुकी थी, तो उसके नाम आय प्रमाण पत्र जारी कैसे हो गया? विभागीय जांच में लापरवाही की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।



