इंटरनेशनल क्रिकेटर रिंकू सिंह को मिलेगा शिक्षा विभाग में बड़ा दायित्व
योगी सरकार ने रिंकू सिंह को “अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022” के अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) पद पर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

लखनऊ/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के होनहार इंटरनेशनल क्रिकेटर रिंकू सिंह को अब शिक्षा विभाग में अहम जिम्मेदारी मिलने जा रही है। योगी सरकार ने रिंकू सिंह को “अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022” के अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) पद पर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश सरकार की उस नीति के तहत की जा रही है, जिसमें खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में सीधे अवसर दिए जाते हैं।
रिंकू सिंह ने अपने प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल दोनों स्तरों पर क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है, और अब सरकार उनके इस योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें शिक्षा विभाग की अहम ज़िम्मेदारी सौंपने जा रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार की यह नियमावली ऐसे खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में शामिल करने की सुविधा देती है जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हों। अब इस श्रेणी में क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल में प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। फिलहाल नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, और जल्द ही रिंकू सिंह को BSA पद पर नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश सरकार खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कृतसंकल्प है।