अंबेडकर जयंती कार्यक्रम में भाजपा विधायक ने दिया विवादित बयान, बाद में बताया निजी मत

भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने मंच से कहा कि “पत्थरों को पूजना छोड़िए और आज के असली भगवान मोदी और योगी की पूजा करिए”

अंबेडकर जयंती कार्यक्रम में भाजपा विधायक ने दिया विवादित बयान, बाद में बताया निजी मत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। हरदोई के गांधी मैदान में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने मंच से विवादित बयान दे दिया। उनके बयान “पत्थरों को पूजना छोड़िए और आज के असली भगवान मोदी और योगी की पूजा करिए” ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को चौंका दिया और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान मौजूद थे, जबकि आयोजन का संयोजन मिश्रिख सांसद अशोक रावत द्वारा किया गया था। बाबा साहब को श्रद्धांजलि देने के बीच विधायक का यह बयान अचानक माहौल को अलग दिशा में ले गया।

अपने संबोधन में विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि समाज को पाखंड और अंधविश्वास से दूर रहना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि लोग कर्मकांडों में उलझे रहते हैं, जबकि देश और प्रदेश के विकास के लिए काम करने वाले नेतृत्व को सम्मान मिलना चाहिए। हालांकि उनके इस बयान से मंच पर मौजूद अन्य नेताओं के चेहरे पर असहजता साफ नजर आई।

बयान के बाद जब विवाद बढ़ा और प्रतिक्रिया सामने आने लगी, तो विधायक ने मीडिया से बातचीत में इसे अपना “निजी मत” बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल समाज को जागरूक करना था और लोगों को कर्म तथा विकास की ओर प्रेरित करना था।

इस बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा मान रहे हैं।

फिलहाल, अंबेडकर जयंती जैसे संवेदनशील अवसर पर दिए गए इस बयान ने हरदोई की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले समय में इस पर और सियासी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल सकती हैं।