SIT की जांच रिपोर्ट में चंपत राय समेत 14 दोषी, ट्रस्ट के पुनर्गठन और संगठनात्मक बदलाव की सिफारिश
अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रहा विशेष जांच दल (SIT) आज सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपेगी।
अयोध्या/जनमत न्यूज़। अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रहा विशेष जांच दल (SIT) आज सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपेगी।
सूत्रों के अनुसार इसमें कई प्रकार की संस्तुतियां की गई हैं और प्रकरण की सघन जांच के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया है। जांच की समयावधि बढ़ाने के आग्रह को लेकर माना जा रहा है कि इसमें कई लोग दोषी पाए गए हैं, जिन पर अहम जिम्मेदारियां रहीं।
सूत्रों का कहना है कि एसआइटी ने ट्रस्ट महासचिव चंपतराय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, व्यवस्थापक गोपाल राव, व्यवस्था से जुड़े रामशंकर यादव टिन्नू सहित कुल 14 लोगों को दोषी माना है। एसआईटी सोमवार को फिर अयोध्या आकर जांच आगे बढ़ाएगी और अन्य लोगों के बयान दर्ज होंगे।
राज्य सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल ने पिछले सोमवार को अपनी जांच शुरू की थी। महासचिव चंपतराय व व्यवस्थापक गोपाल राव से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर जांच आगे बढ़ाई और नकदी की गणना व मंदिर व्यवस्था से जुड़े लगभग डेढ़ सौ लोगों के बयान दर्ज किए गए।
इसी बीच ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र भी गुरुवार को चेन्नई से लौटे, तो उनके बयान का रामशंकर यादव टिन्नू से मिलान किया गया। असमानता मिलने पर लगातार तीन दिन इन दोनों से पूछताछ हुई।
संदिग्ध पाए गए अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, राजेश पाठक, रमाशंकर, अविनाश शुक्ल, कृष्णदेव तिवारी, सुभाष श्रीवास्तव सहित ट्रस्ट व बैंक से जुड़े कुल 14 लोगों के लिखित बयान भी दर्ज किए गए।
छह दिनों की जांच में कई प्रकार की खामियां मिलीं और दानपात्रों की चाभियां रामशंकर यादव टिन्नू के पास पाई गईं। यह भी पता चला कि सेवादारों को गबन की जानकारी पहले से थी। शनिवार को प्रारंभिक जांच पूरी कर एसआईटी के सदस्य लखनऊ लौटे और सोमवार को सीएम को रिपोर्ट सौंपेंगे।
इस रिपोर्ट में वित्तीय पारदर्शिता व प्रबंधन में सुधार के लिए कई तरह की संस्तुतियां की गईं हैं, जिनमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन करने के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर की भांति मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति किए जाने की संस्तुति है।
एसआइटी ने प्रारंभिक रिपोर्ट में कीं ये संस्तुतियां
राम मंदिर ट्रस्ट का पुनर्गठन किया जाए और सभी सदस्यों की समान रूप से जिम्मेदारी तय की जाए।
मंदिर ट्रस्ट में किसी प्रशासनिक अधिकारी को सीईओ के रूप में नियुक्त किया जाय।
विस्तृत जांच के लिए विशेष जांच दल को और समय दिया जाय।
मंदिर के प्रबंधन के लिए पेशेवर तरीका अपनाने की सलाह।
दानराशि की गणना का साप्ताहिक आडिट किया जाय।
प्रतिदिन चढ़ावा में आने वाली नकदी की इंट्री कराई जाय।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए निर्देशों का पूर्णत: पालन किया जाय।
सीसीटीवी कैमरों का डाटा स्टोरेज 45 दिन से बढ़ा कर 180 दिन तक किया जाय।
ट्रस्ट महासचिव चंपतराय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्र व व्यवस्थापक गोपाल राव सहित अन्य जिम्मेदारों को अयोध्या छोड़ने की अनुमति न दी जाए।


