कन्नौज: पुलिसकर्मी की आंखों में मिर्च डालकर आरोपी फरार, तत्काल घेराबंदी कर दोबारा किया गया गिरफ्तार
उप्र के कन्नौज जनपद में डकैती और हत्या के मामले में एक आरोपी पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया।
कन्नौज से अश्विनी पाठक की रिपोर्ट
कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जनपद में डकैती और हत्या के मामले में एक आरोपी पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के मकरंद इलाके में डकैती के दौरान एक बुजुर्ग महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस पेशी पर कोर्ट ला रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और मौके से फरार हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के हाथ में हथकड़ी नहीं लगी थी, जिससे पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गौरतलब है कि आरोपी को पहले पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सदर कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मौके पर पहुंचे सीओ कुलवीर सिंह ने जांच पड़ताल की, लेकिन मीडिया के सवालों से बचते नजर आए।
फिलहाल आरोपी को फिर से जेल भेज दिया गया है, लेकिन इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Janmat News 
