कुशीनगर: मुसहर बस्ती में पहुंची योजनाओं की चौपाल, एक सप्ताह में दस्तावेज दुरुस्त कराने के निर्देश

उप्र के कुशीनगर जनपद के पड़रौना विकासखंड क्षेत्र के जंगल नाहर छपरा गांव की मुसहर बस्ती में पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चौपाल लगाई गई।

कुशीनगर: मुसहर बस्ती में पहुंची योजनाओं की चौपाल, एक सप्ताह में दस्तावेज दुरुस्त कराने के निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद के पड़रौना विकासखंड क्षेत्र के जंगल नाहर छपरा गांव की मुसहर बस्ती में पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चौपाल लगाई गई। सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

चौपाल में ग्रामीणों को विभागवार सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं से वंचित पात्र लोगों के दस्तावेज एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

इस दौरान पंचायत भवन में आधार बनाने की व्यवस्था भी की गई, लेकिन जन्म प्रमाणपत्र के अभाव और नेटवर्क की समस्या के कारण कई बच्चों का आधार नहीं बन सका। सीडीओ ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति जानी।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री आवास और राशन का लाभ मिल रहा है। वहीं, एक परिवार की बहू का नाम राशन कार्ड में नहीं जुड़ने की शिकायत पर सीडीओ ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को नाम जोड़ने के निर्देश दिए।

चौपाल में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराने और पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।