अयोध्या: इंजीनियर दिवस पर अभियंताओं ने किया रक्तदान, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उप्र के अयोध्या जनपद में अभियंता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ, जनपद अयोध्या के तत्वावधान में संघ भवन (साकेत सदन) परिसर में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में अभियंता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ, जनपद अयोध्या के तत्वावधान में संघ भवन (साकेत सदन) परिसर में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती एवं स्वर्गीय आर.के. दत्ता की 38वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों के अभियंताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस दौरान स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ ही वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। शिविर में करीब 20 अभियंताओं एवं अन्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं, फल वितरण सहित अन्य सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
मुख्य अतिथि के तौर पर ई. ओमप्रकाश वर्मा, सी डी 2 के अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह व सरयू नहर खंड के मुख्य अधिशासी अभियंता संजय त्रिपाठी ने अभियंताओं के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया जी के जीवन से हम लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए और देश हित में कार्य करना चाहिए।
वही महासंघ के जिलाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने सभी अभियंताओं एवं देशवासियों को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाजसेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भारत रत्न डॉ. एम. विश्वेश्वरैया और स्वर्गीय आर.के. दत्ता के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण एवं देश के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लिया।




