चंदौली के शहाबगंज में दर्दनाक सड़क हादसा; ऑटो पेड़ से टकराया, युवक की मौत, वृद्ध गंभीर घायल

उप्र के चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र के चकिया-चंदौली मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए।

चंदौली के शहाबगंज में दर्दनाक सड़क हादसा; ऑटो पेड़ से टकराया, युवक की मौत, वृद्ध गंभीर घायल
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र के चकिया-चंदौली मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

अस्पताल से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सेमरा गांव निवासी रोहन विश्वकर्मा (20) चंदौली अस्पताल से उपचार कराकर सवारी ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऑटो जैसे ही मचवल गांव के समीप पहुंचा, सामने अचानक एक बाइक आ जाने से चालक वाहन से संतुलन खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ने के बाद ऑटो सड़क किनारे खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराया।

ऑटो के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में रोहन विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार राजकुमार गौतम (59), निवासी टेनुवर गांव, थाना सकलडीहा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

चालक फरार, गांव में पसरा मातम

घटना के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रोहन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था।

पुलिस ने शुरू की जांच

SSI प्रभुनाथ यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल का इलाज जारी है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।