बारिश के बीच मुजफ्फरनगर में सुरक्षित संपन्न हो रही कांवड़ यात्रा, पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव और सावन मास के दूसरे सोमवार को लेकर उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव और सावन मास के दूसरे सोमवार को लेकर उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। बारिश के बावजूद कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत बनाए रखी गई और शिवभक्तों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार कांवड़ मार्गों की निगरानी की। बारिश के बीच भी पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।
प्रशासन की तैयारियों और पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम रहा कि मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ती रही। शिवभक्तों ने भी पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा की मेहनत तथा पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय से कांवड़ यात्रा का अंतिम पड़ाव भी सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न होने की ओर है।




