औरैया DM की फोटो लगाकर वियतनाम से भेजे गए मैसेज, अधिकारियों-कर्मचारियों को बनाया निशाना
औरैया जनपद के जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की तस्वीर का उपयोग कर एक साइबर अपराधी ने बिधूना एसडीएम सहित कई सरकारी कर्मचारियों को वॉट्सएप मैसेज भेजे हैं।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की तस्वीर का उपयोग कर एक साइबर अपराधी ने बिधूना एसडीएम सहित कई सरकारी कर्मचारियों को वॉट्सएप मैसेज भेजे हैं। इन मैसेजों के नंबर की जांच करने पर पता चला कि यह जिलाधिकारी का आधिकारिक नंबर नहीं था। इसके बाद डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सभी जनपद वासियों, शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को इस संबंध में सचेत किया है। उन्होंने बताया कि वियतनाम के एक व्यक्ति द्वारा +84588169187 नंबर से उनकी फोटो का उपयोग कर वॉट्सएप के माध्यम से लोगों से संपर्क किया जा रहा है। यह नंबर जिलाधिकारी का नहीं है।
जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि यदि उन्हें +84588169187 नंबर से कोई कॉल या मैसेज आता है और किसी प्रकार की मांग की जाती है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस की साइबर अपराध शाखा को दें। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की जानकारी पुलिस अधीक्षक, औरैया को दे दी गई है और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार, अभी तक इस व्यक्ति ने केवल अधिकारियों और कर्मचारियों को 'हैलो' और 'हाय' जैसे सामान्य मैसेज भेजे हैं और कोई अन्य मांग नहीं की है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और संबंधित नंबर को बंद कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


