प्रतापगढ़ में मां-बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
उप्र के प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लाल पट्टी स्थित नया पुरवा गांव में शनिवार देर रात एक महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लाल पट्टी स्थित नया पुरवा गांव में शनिवार देर रात एक महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दोनों की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेश कुमार पटेल की शादी करीब दस वर्ष पूर्व मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतामऊ गांव निवासी शिवचरण की पुत्री नीता देवी (30) से हुई थी।
शनिवार रात खाना खाने के बाद नीता देवी अपने दो वर्षीय बेटे यीशु के साथ सो गई थीं। रविवार सुबह मां-बेटे की मौत की जानकारी सामने आने पर गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर पत्नी और बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि घटना के बाद दोनों शवों को बिस्तर से हटाकर बाहर चारपाई पर लिटा दिया गया। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलने पर संग्रामगढ़ थाना अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मां-बेटे की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



