मुजफ्फरनगर: युवक-युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ किया प्रेम विवाह, खड़ा हुआ विवाद; लगाई सुरक्षा की गुहार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना पुरकाजी क्षेत्र के हरि नगर से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह करने वाले एक जोड़े ने अपनी जान को खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मुजफ्फरनगर: युवक-युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ किया प्रेम विवाह, खड़ा हुआ विवाद; लगाई सुरक्षा की गुहार
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना पुरकाजी क्षेत्र के हरि नगर से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह करने वाले एक जोड़े ने अपनी जान को खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया है, जिसके बाद से ही उन्हें अपने परिजनों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। जोड़े का आरोप है कि उनके परिवार वाले इस रिश्ते से खुश नहीं हैं और उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ है।

डरे-सहमे जोड़े ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र देते हुए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उन्हें किसी भी अनहोनी से बचाया जाए और उनके परिजनों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, जोड़े को सुरक्षा देने के संबंध में भी उचित कदम उठाए जाएंगे। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।