संभल के नए डीएम अंकित खंडेलवाल ने संभाली कमान, भगवान कल्कि के दर्शन कर ग्रहण किया पदभार

पदभार ग्रहण करने के बाद डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

संभल के नए डीएम अंकित खंडेलवाल ने संभाली कमान, भगवान कल्कि के दर्शन कर ग्रहण किया पदभार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। जनपद संभल को नया जिलाधिकारी मिल गया है। नवागत डीएम अंकित खंडेलवाल ने कार्यभार ग्रहण करने से पहले भगवान कल्कि के दर्शन कर आशीर्वाद लिया, जिसके बाद उन्होंने ट्रेज़री पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार संभाला। उनके इस कदम को परंपरा और आस्था के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारी की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

पदभार ग्रहण करने के बाद डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि संभल जिले की क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटना और विकास कार्यों को गति देना भी उनकी कार्ययोजना में प्रमुख रूप से शामिल रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में पहले से चल रही विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि आम जनता को उसका सीधा लाभ मिल सके।

गौरतलब है कि पूर्व जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया का तबादला मुरादाबाद कर दिया गया है, जिसके बाद अंकित खंडेलवाल को संभल का नया डीएम नियुक्त किया गया। इससे पहले वे आगरा में नगर आयुक्त के पद पर तैनात रह चुके हैं और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। नए डीएम के आगमन से जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।