मुजफ्फरनगर: होली के दौरान मारपीट का वीडियो वायरल, बुजुर्ग महिला ने छेड़छाड़ के आरोप को बताया गलत

उप्र के मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र की कंबल वाली गली में होली खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मुजफ्फरनगर: होली के दौरान मारपीट का वीडियो वायरल, बुजुर्ग महिला ने छेड़छाड़ के आरोप को बताया गलत
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र की कंबल वाली गली में होली खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मौके पर संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस भी मौजूद दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में मीनाक्षी नाम की महिला द्वारा छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया था। वहीं पुलिस ने दो दिन पूर्व विपिन और बिट्टू नाम के दो लोगों का शांति भंग में चालान भी किया था।

इसी मामले को लेकर देर शाम विपिन और बिट्टू की बुजुर्ग माता वकीलों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि होली के दौरान मारपीट की घटना जरूर हुई थी, लेकिन छेड़छाड़ का आरोप लगाना बिल्कुल गलत है।

उन्होंने कहा कि पुलिस और आम लोगों की मौजूदगी में कोई व्यक्ति किसी महिला के साथ अश्लील हरकत कैसे कर सकता है। बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना निष्पक्ष जांच किए ही छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया, जबकि यह मामला केवल मारपीट का है और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि मारपीट दोनों पक्षों द्वारा की गई है तो कार्रवाई भी दोनों पक्षों पर होनी चाहिए।

पीड़ित महिला ने एसपी संजय वर्मा पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एडवोकेट श्वेता पुंडीर का कहना है कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती है तो वायरल वीडियो के आधार पर बिना जांच मुकदमा दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।