हरदोई में अवैध हथियारों के तस्करों पर पुलिस का बड़ा वार; 5 पिस्टल के साथ 3 गिरफ्तार

उप्र के हरदोई जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वाट, सर्विलांस, एसओजी और थाना पिहानी पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद किया है।

हरदोई में अवैध हथियारों के तस्करों पर पुलिस का बड़ा वार; 5 पिस्टल के साथ 3 गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वाट, सर्विलांस, एसओजी और थाना पिहानी पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 05 पिस्टल,32 बोर, 10 मैगजीन और 900 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को पिहानी थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से पांच पिस्टल .32 बोर और 10 मैगजीन बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद रियासत पुत्र बशीर अली निवासी मोमिनपुरवा, थाना पिहानी,रवि कुमार पुत्र जयप्रकाश निवासी हातामपुर शेख,थाना चांदपुर,बिजनौर और मोईन पुत्र इरशाद निवासी गढ़ी उटियाना, थाना चांदपुर,बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कम दामों पर अवैध हथियार खरीदकर उन्हें महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाते थे।

पूछताछ में सामने आया कि रवि और मोईन पहले दिल्ली में एक साथ काम करते थे और वहीं दोनों की पहचान हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद रियासत के कहने पर मोईन द्वारा पिस्टल उपलब्ध कराने के लिए संपर्क किया गया था। रवि पिस्टल बेचने के लिए हरदोई आया था, इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, रवि कुमार का आपराधिक इतिहास भी पुलिस ने बताया है, जिसमें बिजनौर के चांदपुर थाने में गंभीर धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं।