उरई: पुलिस मुठभेड़ में चार अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार; असलहे, नकदी और चोरी का सामान बरामद

उप्र के उरई जनपद के थाना कदौरा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में चार अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

उरई: पुलिस मुठभेड़ में चार अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार; असलहे, नकदी और चोरी का सामान बरामद
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के थाना कदौरा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में चार अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को ग्राम बसरेही निवासी विमल सिंह के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मामले में वादी की तहरीर के आधार पर थाना कदौरा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 जुलाई 2026 को थाना कदौरा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में रिंकू राजपूत उर्फ डूमर और राघवेंद्र राजपूत उर्फ रग्घ के पैर में गोली लगी। वहीं, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शैलेंद्र यादव और अंकित राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू राजपूत उर्फ डूमर निवासी ग्राम महेरा थाना बिवार, राघवेंद्र राजपूत उर्फ रग्घ निवासी ग्राम महेरा थाना बिवार, शैलेंद्र यादव निवासी ग्राम दामूपुरवा थाना मुस्करा और अंकित राजपूत निवासी ग्राम महेरा थाना बिवार, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध असलहे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, ताला तोड़ने वाली रॉड, दो पेचकस, एक प्लास, पांच मोबाइल फोन, एक बैग, घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन और 50,270 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 21 जून की रात ग्राम बसरेही में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे दोबारा चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में रिंकू राजपूत और राघवेंद्र राजपूत के खिलाफ हमीरपुर, महोबा, बांदा और जालौन समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष कदौरा मय पुलिस टीम तथा जालौन जनपद की एसओजी/सर्विलांस टीम शामिल रही।