बहराइच: दरगाह विवाद पर खादिम भी खुलकर आए सामने, ज्ञापन सौंपकर आरोपों को बताया पूरी तरह निराधार
उप्र के बहराइच जनपद में वक्फ नं.-19 दरगाह शरीफ को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब दरगाह के खादिम भी खुलकर सामने आ गए हैं।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद में वक्फ नं.-19 दरगाह शरीफ को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब दरगाह के खादिम भी खुलकर सामने आ गए हैं।
सोमवार को खादिमों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दरगाह और खादिमों पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार और सुनियोजित षड्यंत्र बताया। खादिमों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है।
सोमवार को दरगाह शरीफ में कार्यरत खादिमों का एक समूह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपा। खादिमों ने कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ और व्यक्तिगत लाभ के लिए दरगाह शरीफ व यहां सेवा देने वाले खादिमों की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
खादिमों का कहना है कि दरगाह और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद, भ्रामक और तथ्यों से परे हैं। उनका दावा है कि इन आरोपों से न सिर्फ उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, बल्कि दरगाह पर आने वाले जायरीन के बीच भी भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
ज्ञापन में खादिमों ने आरोप लगाया कि दरगाह और उसके प्रबंधन के खिलाफ अभियान चलाने वालों में अधिकांश पूर्व बकायेदार, अवैध कब्जाधारी और पूर्व ठेकेदार हैं, जिनके निजी हित प्रभावित होने के कारण वे झूठे आरोप लगाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।:
खादिमों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने और दरगाह शरीफ की गरिमा व व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। वहीं लगातार सामने आ रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सभी की नजर जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
"दरगाह शरीफ को लेकर एक तरफ जहां वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे हैं, वहीं अब दरगाह के खादिमों ने भी प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखते हुए इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि जिला प्रशासन जांच के बाद क्या कार्रवाई करता है।


