औरैया: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर रूप से घायल
उप्र के औरैया जनपद के सहार थाना क्षेत्र में सहार-दिबियापुर मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
औरैया से अरुण बाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के सहार थाना क्षेत्र में सहार-दिबियापुर मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। टीवीएस एजेंसी के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहार पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज (कन्नौज) रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सहार थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा तरा निवासी सुघर सिंह (50 वर्ष) राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनका 22 वर्षीय पुत्र अमन मजदूरी करके परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। मंगलवार को किसी आवश्यक कार्य से पिता-पुत्र सहार आए हुए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव पुरवा तरा वापस लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक सहार-दिबियापुर मार्ग पर स्थित टीवीएस एजेंसी के समीप पहुंची, तभी दिबियापुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अमन को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता सुघर सिंह लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े रहे।
थानाध्यक्ष ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल
सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सहार गणेश गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए घायल पिता-पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अमन को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, सुघर सिंह की हालत अत्यंत गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था अमन
अमन की असमय मौत की खबर जैसे ही गांव पुरवा तरा पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अमन चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी एक बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है।
परिवार के अनुसार, अमन अभी अविवाहित था और मजदूरी करके अपने परिवार का हाथ बंटाता था। जिस बेटे के साथ पिता घर लौट रहे थे, उसी बेटे की हादसे में मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाकर हादसे के कारणों का पता लगाने में लगी है।



